

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
अंबापुर-हथगाम मार्ग पर रजाबाद गांव के समीप जर्जर पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। पुलिया के टूटे हिस्से, सड़क पर फैले गड्ढे और मलबे के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। रविवार को एक युवक नई बाइक समेत पुलिया के पास गिरकर हादसे का शिकार हो गया। गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कई लोगों की मदद से बाइक को बाहर निकाला।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में है। पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने और सड़क पर गड्ढे व उखड़ा मलबा फैला होने से वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। रात के समय यहां खतरा और बढ़ जाता है। न तो प्रकाश की व्यवस्था है और न ही दुर्घटना से बचाव के लिए चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या की अनदेखी कर रहा है। पुलिया के टूटे किनारों और अचानक सामने आने वाले गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खो बैठते हैं। लोगों को हर समय हादसे का डर बना रहता है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से पुलिया की शीघ्र मरम्मत कराने, दोनों तरफ सुरक्षा रेलिंग लगवाने तथा चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
