कानपुर सेंट्रल पर चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला

आपकी खबरें न्यूज,
कानपुर संवाददाता।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गोरखपुर जा रही ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद पटरी से उतर गए। घटना शाम करीब 5:05 बजे की है। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, चौरी चौरा एक्सप्रेस बुधवार को कानपुर अनवरगंज स्टेशन से गोरखपुर के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची और शाम 5:03 बजे वहां से आगे के लिए रवाना हुई। इसके महज दो मिनट बाद स्टेशन से आगे बढ़ते समय ट्रेन के बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच पटरी से उतर गए। रेलवे के मुताबिक, चारों कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतरी है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। डिप्टी सीटीएम कानपुर के नेतृत्व में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं प्रयागराज से भी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। रेलवे की ओर से प्रभावित कोचों और ट्रैक की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता प्रभावित कोचों को सुरक्षित करने और यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।
यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के लिए 0512-2323018, 0512-2323016 और 0512-2323015 नंबर जारी किए गए हैं। प्रयागराज जंक्शन के लिए 0532-2408128, 0532-2407353 और 0532-2408149 तथा फतेहपुर स्टेशन के लिए 9151833006 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर राहत कार्य जारी है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

error: Content is protected !!