
आपकी खबरें न्यूज,
औंग फतेहपुर संवाददाता।
औंग थाना क्षेत्र के बनियनखेड़ा गांव में सोमवार दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां अचानक आसमान से करीब 20 से 25 किलो वजनी बर्फ का विशाल गोला तेज आवाज के साथ एक किसान के खेत में आ गिरा। घटना के बाद इलाके में कौतूहल मच गया।
जानकारी के अनुसार, किसान रामासरे के खेत में सोमवार दोपहर करीब दो बजे अचानक तेज आवाज के साथ बर्फ का बड़ा गोला गिरा। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। खेत में इतना बड़ा बर्फ का गोला देखकर ग्रामीणों की आंखें खुली की खुली रह गईं। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं बच्चों ने बर्फ के टुकड़े करके उसका आनंद भी लिया।
ग्रामीणों के लिए सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के समय आसमान पूरी तरह साफ था और बारिश या ओलावृष्टि जैसी कोई स्थिति नहीं थी। ऐसे में अचानक इतना बड़ा बर्फ का गोला कहां से आया और आसमान से कैसे गिरा, यह सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल घटना को लेकर पूरे गांव में हैरानी का माहौल है। ग्रामीण इस रहस्यमयी घटना की वजह जानने को उत्सुक हैं।


