सड़क पर गिरा भारी-भरकम लोहे का बोर्ड, बाइक सवार दंपति घायल

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

गाजीपुर कस्बे में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे लगा भारी-भरकम लोहे का पिलर बोर्ड सहित अचानक सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दंपति इसकी चपेट में आ गए, जिससे दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोर्ड गिरते ही आसपास मौजूद दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर लोहे के ढांचे को हटाया और उसके नीचे फंसे दंपति को बाहर निकाला। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस हादसे ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यप्रणाली और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए भारी-भरकम बोर्डों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे ढांचों की जांच और मरम्मत कराई जाती तो इस तरह के हादसे से बचा जा सकता था।
लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क किनारे लगे सभी भारी-भरकम बोर्डों और लोहे के पिलरों की जांच कराने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

error: Content is protected !!