
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र और कोतवाली क्षेत्र पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पहला हादसा हुसैनगंज थाना क्षेत्र में नहर गैस गोदाम के पास हुआ। पीआरबी 6925 को हादसे की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार नौबस्ता थाना सुल्तानपुर घोष निवासी पंकज पुत्र राकेश निषाद मोटरसाइकिल संख्या UP 71 AF 1408 से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल संख्या UP 71 BB 8309 से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर तुरावली पुरवा थाना कोतवाली फतेहपुर निवासी शिव पुत्र हरिमोहन, शनि पुत्र राम सजीवन और बंसराज पुत्र पप्पू सवार थे।
दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज भेजा। पुलिस ने मौके पर यातायात भी सामान्य कराया।
वहीं दूसरा हादसा लखनऊ रोड पर सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा एनटीपीसी के पास हुआ। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव निवासी राहुल (24) पुत्र राम अवध और लकी (23) पुत्र राम कुमार एक ही बाइक से शहर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों घटनाओं में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



