
आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
सरधुवा थाना क्षेत्र के ग्राम नहरा में सोमवार सुबह नित्यक्रिया के लिए जा रही 17 वर्षीय युवती लटकती विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पहाड़ी स्थित विद्युत पावर हाउस पहुंचकर धरना दिया और सभी फीडरों की विद्युत आपूर्ति बंद करा दी। विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा दो दिन में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
जानकारी के अनुसार ग्राम नहरा निवासी ज्ञानचंद श्रीवास की करीब 17 वर्षीय पुत्री नेहा सोमवार सुबह नित्यक्रिया के लिए गांव के बाहर जा रही थी। इसी दौरान जमीन के बेहद नजदीक लटक रही विद्युत तार की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गई। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी कुमकुम उपाध्याय सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल नेहा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।


घटना से आक्रोशित करीब आधा सैकड़ा ग्रामीण पहाड़ी स्थित विद्युत पावर हाउस पहुंच गए और धरने पर बैठकर विद्युत आपूर्ति बंद करा दी। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले माह हुई अत्यधिक बारिश के कारण गांव में बिजली के कई पोल टेढ़े हो गए हैं, जिससे 11 हजार केवी की विद्युत लाइन जमीन से महज करीब तीन फीट की ऊंचाई पर लटक रही है। ग्रामीणों के मुताबिक इस स्थिति के कारण पशु आए दिन विद्युत करंट की चपेट में आकर मर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पिछले दो वर्षों में करीब आधा दर्जन लोग विद्युत लाइन की चपेट में आ चुके हैं।
ग्रामीण कुमकुम उपाध्याय, सोनू आदि ने बताया कि करीब दो माह पूर्व बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को गांव में लटक रही 11 हजार केवी लाइन को ऊंचा कराने के संबंध में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। सोमवार को युवती के करंट की चपेट में आने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
पावर हाउस में ग्रामीणों के धरने की सूचना पर उपनिरीक्षक कैलाशनाथ यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। ग्रामीणों की मौजूदगी में विद्युत विभाग के एसडीओ से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान की बात रखी गई। एसडीओ ने दो दिन के भीतर विद्युत लाइन को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल होने दी।


