
आपकी खबरें न्यूज,
सुल्तानपुर घोस फतेहपुर संवाददाता।
आगामी मूर्ति विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के नौवस्ता घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल, आवागमन के रास्तों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित इंतजामों को देखा। जिलाधिकारी ने घाट पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों, नावों और अन्य बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मूर्ति विसर्जन पर्व को सकुशल संपन्न कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खागा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


