असनी गंगा पुल के पास दो ट्रकों में भिड़ंत, लखनऊ मार्ग पर लगा लंबा जाम

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

फतेहपुर-लखनऊ राजमार्ग (एनएच-232) पर असनी गंगा पुल के समीप गुरुवार सुबह करीब पांच बजे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के चलते सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। जाम के कारण लखनऊ की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या यूपी 71 बीटी 0562 और पीछे से आ रहे ट्रक संख्या यूपी 42 सीटी 4881 के बीच टक्कर हो गई। भिड़ंत में दोनों वाहनों के अगले और पिछले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि ट्रक संख्या यूपी 42 सीटी 4881 का ड्राइवर शाहरुख पुत्र फकरुद्दीन निवासी दिलाशीगंज थाना माया फैजाबाद व ट्रक संख्या यूपी 71 बीटी 0562 का ड्राइवर रामजी पुत्र कृपाल सातोजोगा थाना असोथर फतेहपुर है। दोनों ड्राइवर सुरक्षित हैं किसी को कोई चोट नहीं है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। वाहनों को किनारे करने के लिए हाइड्रा मशीन मंगाई गई। इसके बावजूद मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। लखनऊ जाने वाली रोडवेज बसों समेत अन्य वाहनों को हुसैनगंज, डलमऊ और मुराई बाग होते हुए लालगंज की ओर से निकाला गया। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय लगा।
असनी चौकी प्रभारी अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

error: Content is protected !!