
आपकी खबरें न्यूज,
खागा फतेहपुर संवाददाता।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने तहसील कार्यालय खागा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार न्यायिक, नायब तहसीलदार प्रतिमा देवी और न्यायिक राजस्व निरीक्षक (आरआई) यूनुस अनुपस्थित मिले। डीएम ने तीनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखागार, संग्रह अनुभाग, नजारत, नायब तहसीलदार न्यायालय और तहसीलदार न्यायिक न्यायालय का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न पटलों पर रखी पत्रावलियों के रखरखाव और उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की।
धारा 34 और 67 के तहत लंबे समय से लंबित पुराने वादों को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि आम जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने तहसील के कामकाज में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


