
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शहर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश द्वार, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में तैनात मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों को व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।


