
आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।
उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जनपद चित्रकूट में जिला कमेटी का विस्तार किया। बेड़ीपुलिया स्थित कान्हा गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में अनुदेशकों की समस्याओं, एरियर और नियमितीकरण की मांगों पर चर्चा की गई। साथ ही जनपद के पांच ब्लॉकों के अध्यक्षों की घोषणा कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने की। शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। बैठक में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने अनुदेशकों से एकजुट रहने और संगठन के प्रति विश्वास बनाए रखने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुछ तथाकथित संगठन और स्वयंभू नेतृत्वकर्ता एरियर, नियमितीकरण तथा न्यायिक लड़ाई के परिणाम को लेकर अनुदेशकों को निराश करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में अनुदेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें अपने संगठन, नेतृत्व और संघर्ष पर भरोसा बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अनुदेशकों की कानूनी लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने में वरिष्ठ अधिवक्ता पीएस पटवालिया और अधिवक्ता आरके सिंह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अनुदेशकों को सर्वोच्च न्यायालय और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखते हुए धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एरियर और नियमितीकरण संगठन की प्रमुख मांगें हैं और इनके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
विक्रम सिंह ने अनुदेशकों से अफवाहों से दूर रहने तथा कानूनी मामले से संबंधित जानकारी आधिकारिक स्रोतों और संगठन के माध्यम से प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी के डराने या निराशाजनक बयान देने से अधिकार समाप्त नहीं हो जाते।
पांच ब्लॉकों में अध्यक्षों की घोषणा
जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती उसकी एकजुटता में निहित है। सभी अनुदेशकों को एकजुट होकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रयास करना होगा। उन्होंने उपस्थित अनुदेशकों का आभार जताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में पहाड़ी, कर्वी, मऊ, रामनगर और मानिकपुर ब्लॉकों के अध्यक्षों की घोषणा की गई। जिला कमेटी के विस्तार और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपे जाने को अनुदेशकों की मांगों को मजबूती से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अतुल अवस्थी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील पाण्डेय व अभिषेक राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी हिरदेश सिंह, बांदा के जिला कोषाध्यक्ष आशुतोष दुबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सोनी, सचिव भास्कर द्विवेदी सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष और सैकड़ों अनुदेशक मौजूद रहे।


