
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के लालीपुर सेक्टर में सोमवार को बहुजन समाज पार्टी की संगठन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बसपा जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व एमएलसी एवं प्रयागराज मंडल के मुख्य मंडल जोन प्रभारी नौशाद अली शामिल हुए। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को मजबूत बनाने और सेक्टर व बूथ कमेटियों को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी ने कहा कि वर्ष 1996 में जिले की सभी विधानसभा सीटों पर बसपा ने जीत हासिल की थी। इसी इतिहास को दोहराने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और पूरी सक्रियता के साथ संगठन के विस्तार में जुटने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बसपा का उद्देश्य प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना, लोगों को शांतिपूर्ण एवं खुशहाल जीवन उपलब्ध कराना और बेरोजगारी की समस्या को दूर करना है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। साथ ही बैकलॉग के रिक्त पदों पर भर्ती कराकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
मुख्य अतिथि नौशाद अली ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए सेक्टर और बूथ कमेटियों को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन का विस्तार करने, जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून का राज स्थापित करने के लिए बहुजन समाज पार्टी को मजबूत करना होगा।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष महेश मिश्रा, विवेक कुमार माधुरे, मंडल प्रभारी गौतम राव, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा अध्यक्ष गुलशन गौतम, नीरज गौतम, श्यामलाल मास्टर, रोशन गौतम, दयाराम गौतम, महेंद्र गौतम और विवेक राज गौतम सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


