
आपकी खबरें न्यूज,
छिवलहा, फतेहपुर संवाददाता।
श्रेष्ठ फाउंडेशन सेवा संस्थान की ओर से विद्यार्थियों में शैक्षिक जागरूकता, बौद्धिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के उद्देश्य से श्री शिव शंकर अग्रहरि मां सुन्दरी देवी इंटर कॉलेज, नवाबगंज में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता प्राइमरी और जूनियर वर्ग में आयोजित हुई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जूनियर वर्ग में कक्षा आठ की अफीफा बानो ने प्रथम, कक्षा सात के मोहम्मद सलमान ने द्वितीय और अयाज अहमद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कौनेन, शिखा देवी, काजल साहू और उमामा को संयुक्त रूप से सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्राइमरी वर्ग में कक्षा दो के अर्पित यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, समसामयिक घटनाओं की जानकारी और शैक्षिक प्रतिभा का मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधक बाबू सिंह खरहरा ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से संस्थान समय-समय पर शैक्षिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता रहता है।
संस्थान के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष शिव सिंह सागर ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उचित मंच प्रदान करना तथा उनमें शिक्षा के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है।
विद्यालय प्रबंधक महेश बाबू गुप्ता ने संस्था के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संस्थान के उपाध्यक्ष श्रीकांत साहू, प्रधानाचार्य रामू, अंजुम बेगम, संचालक आयुष गुप्ता, अनुभव, अजमेर, राज बहादुर, राहुल, मानसी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा। अंत में विद्यालय परिवार एवं संस्थान की ओर से सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


