
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
ज्येष्ठ मास के तीसरे मंगलवार “बड़ा मंगल (बुढ़वा मंगलवार)” के अवसर पर पूरे जनपद में आस्था और उत्साह का वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल से ही मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। विशेष रूप से सिद्धपीठ ताम्बेश्वर मंदिर सहित शहर व ग्रामीण अंचलों के विभिन्न हनुमान मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
मंदिरों में पुजारियों द्वारा हनुमान जी का अभिषेक, पूजन व आरती संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने “जय श्री राम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के उद्घोष के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
शहर के बाकरगंज स्थित बॉम्बे मेडिकल स्टोर सहित कई स्थानों पर बजरंगबली के चित्र पर माल्यार्पण कर शर्बत वितरण एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। यहां हजारों श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया।
भंडारे की खास बात यह रही कि कार्यक्रम का संचालन मुस्लिम समाज के डॉ. फारूकी की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसने पूरे जिले में हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया। डॉ. फारूकी ने कहा कि “हम सब ईश्वर की संतान हैं, बस उन्हें मानने के तरीके अलग-अलग हैं। वीर विक्रम बजरंगी की पूजा और प्रसाद वितरण से जो आत्मिक शांति मिली, वह अद्भुत है।”
वहीं बॉम्बे मेडिकल स्टोर की संचालिका सुभ्रा रस्तोगी ने बताया कि पुरुषोत्तम मंगल के अवसर पर हवन-पूजन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में उनके पुत्र करन रस्तोगी की विशेष प्रेरणा रही। कार्यक्रम में मेडिकल स्टाफ राजेश, सुमित, प्रियांशु, अवधेश, गोलू एवं नातिन वामिका रस्तोगी का भी विशेष सहयोग रहा।
बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित इन धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों ने जहां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान किया, वहीं आपसी सौहार्द और भाईचारे का सशक्त संदेश भी दिया।

