
आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
मलमास के पावन अवसर पर कस्बा पहाड़ी स्थित श्री पालेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण मेला मैदान में आयोजित दस दिवसीय हवनात्मक एवं अभिषेकात्मक शिवशक्ति महायज्ञ तथा संगीतमय श्रीराम कथा का मंगलवार को भव्य शुभारंभ श्रद्धा, आस्था और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की विधिवत पूजन-अर्चना से हुई। इसके पश्चात मंगल कलश यात्रा नगर भ्रमण के लिए निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान वरुण देव का आह्वान, पंचांग पूजन तथा मंडप प्रवेश की धार्मिक विधियां सम्पन्न कराई गईं।
आयोजक मंडल ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान के दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
तय कार्यक्रम अनुसार होंगे धार्मिक अनुष्ठान
कथा व्यास धीरेन्द्र जी महाराज, प्रयागराज ने बताया कि महायज्ञ के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे।
19 मई (मंगलवार)-मंगल कलश यात्रा, नगर भ्रमण, वरुण देव आह्वान, पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश।
20 मई (बुधवार)-33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान पूजन।
21 मई (गुरुवार)-वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अग्नि स्थापना एवं हवन प्रारंभ।
26 मई (मंगलवार)-108 कन्याओं का पूजन व भोजन।
27 मई (बुधवार)-यज्ञ भगवान की पूर्णाहुति, आचार्य व विद्वत पूजन एवं विदाई।
28 मई (गुरुवार)- 64 ग्राम सभाओं का विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण।
108 परिक्रमा का विशेष महत्व
कथा व्यास के अनुसार यज्ञशाला की 108 परिक्रमा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
शांति व मोक्ष हेतु-पुष्प या तुलसी दल।
लक्ष्मी प्राप्ति हेतु-108 सिक्कों से परिक्रमा।
विद्या प्राप्ति हेतु-काजू, बादाम, किशमिश या छोहारा।
बाधा निवारण हेतु-लौंग या काली मिर्च।
वैवाहिक बाधा शांति हेतु -108 हल्दी की गांठ।
मुकदमे में विजय हेतु -108 सुपारी।
पुत्र प्राप्ति हेतु-श्रीफल (नारियल) से परिक्रमा।
पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है तथा प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

