देवर समेत महिला से मारपीट का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
असोथर फतेहपुर संवाददाता।

असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम कौंडर निवासी एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर उसके देवर और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के बावजूद न तो मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही मुकदमा दर्ज किया गया।
ग्राम कौंडर निवासी मन्जू देवी पत्नी चन्द्रशेखर ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि चार फरवरी की शाम करीब चार बजे उसका देवर चन्द्ररेखन घर के बाहर छप्पर के नीचे बैठा था। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही कल्लू, लखन, सुजीत, नानबिट्टी और मोनू समेत अन्य लोग एकराय होकर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और चन्द्ररेखन पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर जब मन्जू देवी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की। पीड़िता के अनुसार घटना के तुरंत बाद डायल 112 पर सूचना दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद थाने में लिखित शिकायत भी दी गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने न तो घायल का मेडिकल परीक्षण कराया और न ही रिपोर्ट दर्ज की।
मन्जू देवी का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार परिवार को धमका रहे हैं तथा रास्ता रोककर भय का माहौल बना रहे हैं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए मेडिकल परीक्षण कराने तथा आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

error: Content is protected !!