भीषण गर्मी में राहत पहाड़ी चौराहे पर निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यालय पहाड़ी स्थित चौराहे पर निःशुल्क प्याऊ की व्यवस्था शुरू की गई। स्थानीय पत्रकार शिवमंगल अग्रहरि एवं समाजसेवी अमरदीप कुशवाहा के सहयोग से स्थापित इस प्याऊ का शुभारंभ खण्ड विकास अधिकारी पहाड़ी संजय कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर किया।
इन दिनों पूरे क्षेत्र में हीट वेव का प्रकोप जारी है और तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आमजन गर्मी से बेहाल हैं। ऐसे कठिन समय में राहगीरों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से चौराहे पर निःशुल्क पेयजल सेवा शुरू की गई, जिससे प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
बताया गया कि इस चौराहे से दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन यहां पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी। चौराहे का पुराना कुआं सूख चुका है तथा हैंडपंप का पानी खारा होने के कारण पीने योग्य नहीं है। पानी की समस्या के चलते लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ता था।
मौसम विभाग द्वारा जनपद में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किए जाने के बाद इस पहल को शुरू किया गया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे प्याऊ का संचालन प्रारंभ किया गया, जहां राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि निःशुल्क प्याऊ समाजसेवा की सराहनीय पहल है। इससे लोगों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हीट वेव के दौरान अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा अधिक मात्रा में पानी व पेय पदार्थ का सेवन करें।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि प्याऊ खुलने से अब राहगीरों को गर्मी में बड़ी राहत मिलेगी।

error: Content is protected !!