
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेला मोड़ के पास शुक्रवार को विपरीत दिशा से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हथगांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी गेंदालाल विश्वकर्मा (50) पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल विश्वकर्मा मोटरसाइकिल संख्या UP71 L 3125 से हुसैनगंज थाना क्षेत्र के किसुनदासपुर बारहमील स्थित अपनी ससुराल से रसूलपुर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बेला मोड़ के पास हथगांव की ओर से हुसैनगंज की तरफ आ रही मोटरसाइकिल संख्या UP71 BN 0861 (यामाहा) से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गेंदालाल विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सीसीटीम हुसैनगंज और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी फतेहपुर भेज दिया है। वहीं दूसरे बाइक चालक के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी गीता देवी और दो पुत्र रजत विश्वकर्मा (25) तथा छोटू विश्वकर्मा (22) को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।



