
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई चौराहे पर स्थित शनी ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने दीवार में सेंध काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से 15 चांदी की राखियां और पांच जोड़ी चांदी की तोड़ियां चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई, जब दुकान मालिक गुड्डन पुत्र मोहनलाल, निवासी हरिहरगंज, फतेहपुर दुकान खोलने पहुंचे। दुकान के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर दुकान की दीवार में सेंध कटी मिली और सामान बिखरा हुआ था।
पीड़ित दुकानदार ने तत्काल घटना की सूचना हुसैनगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक ने पीड़ित दुकानदार को जल्द चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



