
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के बजरंगापुर गांव में हुसैनगंज-कड़ा मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बजरंगापुर गांव के बीच सड़क पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क तालाब जैसी नजर आने लगती है। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी हादसे का खतरा बना रहता है।
तस्वीरों में सड़क पर भरा पानी और उसी रास्ते से गुजरते वाहन व राहगीर बदहाल व्यवस्था की स्थिति बयां कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हुसैनगंज-कड़ा मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन बजरंगापुर में सड़क की स्थिति खराब होने से आए दिन परेशानी होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्ढों को भरवाने, जलभराव की समस्या दूर कराने और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।



