
आपकी खबरें न्यूज,
लखनऊ संवाददाता।
पंचायतीराज विभाग में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों ने विकासखंड सरोजनीनगर में एकत्रित होकर रक्षाबंधन के अवसर पर पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के छायाचित्र को राखी बांधी और तिलक लगाकर मुंह मीठा कराया। महिला कर्मचारियों ने मंत्री के खुशहाल जीवन एवं दीर्घायु की कामना की।
इस दौरान महिला सफाई कर्मचारियों ने उपहार के रूप में 20 दिसंबर 2024 को पंचायतीराज निदेशालय में किए गए वादे को पूरा करने की मांग रखी। कर्मचारियों ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की विभागीय सेवा नियमावली बनाए जाने, पदोन्नति के अवसर प्रदान किए जाने तथा पदनाम में परिवर्तन किए जाने की मांग की।
महिला कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित रक्षा सूत्र पंचायतीराज मंत्री के सरकारी आवास पर भेजकर वादे को पूरा करने की याद दिलाई। ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष बसंतलाल एवं महामंत्री मयंक ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जनपदों में महिला कर्मचारियों द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में रेखा देवी, इंद्रा, सुशीला, मीना, शिवकांती, तारावती, आरती, भागवती, हेमलता, सुनीता और मायावती सहित ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष बसंतलाल, महामंत्री मयंक, जिला अध्यक्ष रामकिशन, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवराज कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू भारती, ब्लॉक अध्यक्ष सरोजनीनगर मनोज भारती, मंत्री सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष विजय कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष दुकेश कुमार, बीकेटी ब्लॉक अध्यक्ष श्रीनाथ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



