
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हैदराबाद मजरे चौहट्टा गांव में बकरा चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पिटाई करने का मामला सामने आया है। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो करीब 13 दिन पुराना है।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब दो माह पूर्व गांव से एक अन्ना बकरा चोरी हो गया था। इसी मामले में एक युवक को संदिग्ध मानते हुए ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पीआरबी-112 को बुलाया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि युवक वास्तव में बकरा चोरी में शामिल था या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



