घर में राड का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आए 35 वर्षीय युवक की मौत

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बिसापुर गांव में गुरुवार को घर में बिजली का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बिसापुर गांव निवासी देवनारायण पाल पुत्र स्वर्गीय आनंद शंकर घर में बिजली का तार जोड़ रहा था। इसी दौरान एक तार उसके सीने से चिपक गया और उसे तेज करंट लग गया। पास में बैठी पत्नी मिथलेश कुमारी ने झाड़ू से तार को हटाने का प्रयास किया, जिससे तार अलग हो गया और देवनारायण जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई श्याम नारायण है। दोनों भाई मिलकर खेती-किसानी करते थे। देवनारायण के परिवार में पत्नी के अलावा तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें आकृति पाल (8), गुंजन पाल (6) और साक्ष्य पाल (4) शामिल हैं। वहीं मृतक की 22 वर्षीय बहन गायत्री देवी की शादी की जिम्मेदारी भी उसके ऊपर थी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी मिथलेश कुमारी, बच्चों और बहन गायत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया।

error: Content is protected !!