सात मील में चंगाई सभा का मामला गरमाया, बाइबल समेत धार्मिक पुस्तकें मिलने का दावा

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सात मील तिराहे के पास नई बस्ती आजाद नगर में कथित चंगाई सभा आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां करीब 20 महिलाएं और एक पुरुष सभा में मौजूद मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभा की संचालिका समेत दो महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि आजाद नगर निवासी राजकुमारी पासवान पत्नी मइयादीन पासवान के घर पर करीब तीन वर्षों से चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी। कार्यकर्ताओं के मौके पर पहुंचने पर वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद मिले। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब न मिलने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, मौके से बाइबल की एक पुस्तक सहित अन्य सामग्री मिली है। पुलिस ने सभा की संचालिका राजकुमारी और उसकी सहयोगी बताई जा रही एक महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई। वहीं सभा में मौजूद करीब 20 महिलाओं और एक पुरुष से भी पूछताछ की गई।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चंगाई सभा की आड़ में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने और प्रलोभन देने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!