
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर भिटारी गांव में घर के बाहर सो रहे परिवार को नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर लूट लिया। बदमाशों ने सीने पर बंदूक तानकर कार की चाबी हासिल की और कार में रखे करीब 1.25 लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद महिला के गले की माला और पैरों की तोड़ियां भी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई, जिसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिर्जापुर भिटारी गांव निवासी रामकेश दीक्षित की पत्नी शांति देवी दीक्षित और उनका पुत्र अनुराग दीक्षित रात में घर के बाहर सो रहे थे। परिजनों के मुताबिक रात करीब दो बजे नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और परिवार के लोगों को असलहे के बल पर आतंकित कर दिया। बदमाशों ने अनुराग के पास मौजूद कार की चाबी ले ली। परिजनों ने बताया कि चाबी अनुराग ने तकिए के नीचे रखी थी। बदमाशों ने कार खोलकर उसमें रखे करीब 1.25 लाख रुपये निकाल लिए।
इसके बाद बदमाशों ने शांति देवी के गले से माला और पैरों से तोड़ियां उतार लीं। लूटपाट के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजन प्रिंस ने बताया कि परिवार के पास लोडर, सीएनजी ऑटो और कार समेत तीन वाहन हैं, जिनकी किस्तें चल रही हैं। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई अनुराग मानसिक रूप से कमजोर है और कार की चाबी अपने पास रखकर सो रहा था।


घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। डॉग स्क्वायड और एसओजी टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। दोपहर करीब 11 बजे एसएसपी ज्ञान प्रकाश राय और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।


