बारिश से अमनी-गोदोरा में जलभराव, कच्चे मकान गिरे,राज्यमंत्री ने लिया जायजा

आपकी खबरें न्यूज,
विजयीपुर, फतेहपुर संवाददाता।

विजयीपुर ब्लॉक क्षेत्र की अमनी और गोदोरा ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गांव के मुख्य रास्तों पर पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जलभराव के चलते कई कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गए।
मंगलवार को खागा विधायक एवं पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव से प्रभावित मुख्य मार्गों और क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों का निरीक्षण किया तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
राज्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभावित परिवारों को कपड़े, बर्तन सहित अन्य राहत सामग्री भी वितरित की गई। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का प्रशासन द्वारा आकलन कराया जा रहा है। शासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अश्वनी पांडे, सीओ खागा, किशनपुर थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष खागा बृजेश सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह, विमलेश पांडे, धर्मेंद्र सिंह परिहार, अनिल त्रिपाठी, ग्राम पंचायत सचिव शिवनंदन सिंह, आकाश सिंह, राजस्व लेखपाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के साथ ही क्षतिग्रस्त मकानों के लिए शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग राज्यमंत्री के समक्ष रखी। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

error: Content is protected !!