रात्रि गश्त के दौरान कांवरियों की सुरक्षा का लिया जायजा, हाईवे पर सो रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पहुंचाया

आपकी खबरे न्यूज़,
प्रयागराज संवाददाता।

हंडिया थाना क्षेत्र में कांवरियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं हिंदू युवा वाहिनी मंच के पदाधिकारियों ने रात्रि गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सैदाबाद चौकी क्षेत्र के बैरगिया नाला के पास कांवरिया मार्ग पर देर रात पुलिस टीम ने भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
रात्रि गश्त के दौरान नेशनल हाईवे के किनारे कुछ कांवरिया आराम करते मिले। पुलिस एवं संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें जगाकर हाईवे से हटाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे पर विश्राम करने से किसी वाहन की चपेट में आने की आशंका बनी रहती है, इसलिए श्रद्धालुओं को सड़क से दूर सुरक्षित स्थान पर ही आराम करने की सलाह दी गई।
इस दौरान हंडिया थाना प्रभारी अनुप कुमार, एसीपी हंडिया शेषधर पाण्डेय, हिंदू युवा वाहिनी मंच के प्रदेश अध्यक्ष शशांक मिश्रा तथा सावन प्रभारी प्रयागराज शिव शंकर विश्वकर्मा मौजूद रहे।
पुलिस एवं संगठन के पदाधिकारियों ने कांवरियों से अपील की कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और सड़क अथवा हाईवे पर बैठने या सोने से बचें। साथ ही किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की बात कही गई। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की सक्रियता से कांवरिया मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में भी भरोसा नजर आया।

error: Content is protected !!