
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज कस्बे के चौराहे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 50 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित मोर्चरी हाउस भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार श्रीकांत पुत्र रामकृपाल यादव (50 वर्ष) निवासी ग्राम शाहपुर कोढ़ैया, चितिसापुर, बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान वाहन संख्या UP71AU4321 से संबंधित आवागमन के दौरान उनकी टक्कर 16 चक्का ट्रक संख्या UP71AT8911 से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्रीकांत गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद मोर्चरी हाउस भेज दिया। वहीं, पुलिस ने आरोपी ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



