
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गौरा चुरियारा नहर पुल के पास शनिवार को रामगंगा नहर में 43 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने नहर में शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे असनी चौकी प्रभारी अनीस कुमार शुक्ला ने शव को नहर से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान सोनू सिंह चौहान (43) पुत्र स्वर्गीय गया पाल चौहान निवासी मौहार, थाना कल्याणपुर के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई राजू सिंह चौहान ने बताया कि करीब तीन दिन पूर्व सोनू खेत की तरफ गया था। रेलवे लाइन के पास ट्रेन गुजरने के दौरान आए तेज झोंके की चपेट में आकर वह रामगंगा नहर में गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस संबंध में कल्याणपुर थाने में लिखित सूचना भी दी गई थी।
शनिवार को गौरा चुरियारा नहर पुल के पास ग्रामीणों ने नहर में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अनीस कुमार शुक्ला ने शव को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान मृतक के दाहिने हाथ पर उसका नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखा हुआ मिला। इसके आधार पर पुलिस ने कल्याणपुर थाना पुलिस के माध्यम से परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सोनू सिंह चौहान के रूप में की। मृतक के भाई राजू सिंह चौहान ने बताया कि सोनू तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसका छोटा भाई राघवेंद्र सिंह चौहान है। सोनू की शादी नहीं हुई थी और वह थोड़ा मंदबुद्धि था।
हुसैनगंज पुलिस ने घटना की जानकारी कल्याणपुर थाना पुलिस को दी। सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अपने साथ ले गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तीन दिन तक तलाश के बाद शव मिलने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



