
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित ओम घाट भिटौरा का शनिवार को प्रयागराज परिक्षेत्र के आईजी अजय मिश्रा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और भीड़ नियंत्रण को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया।
आईजी ने गंगा घाट के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
आईजी अजय मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में बैरिकेडिंग के साथ प्रवेश और निकास व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखा जाए, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान फतेहपुर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, एसएसपी जयप्रकाश, क्षेत्राधिकारी दीप, हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय तथा चौकी प्रभारी संजीव कुमार सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



