
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज कस्बे में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। दुर्गा चौराहा स्थित करीब 20 वर्ष पुरानी पानी की टंकी की मोटर एक सप्ताह के भीतर दो बार फुंकने से कस्बे के लोगों में भारी आक्रोश है। करीब 25 दिनों से जलापूर्ति प्रभावित होने के कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब तीन वर्षों से पुरानी पानी की टंकी की मोटर खराब होने की समस्या बार-बार सामने आती रही है। कभी 10 दिन तो कभी 15 दिन के अंतराल में मोटर खराब होने से जलापूर्ति बाधित हो जाती है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। कस्बे में नई पानी की टंकी का निर्माण भी अभी तक पूरा नहीं हो सका है।

पेयजल संकट का सबसे अधिक असर पंप हाउस से करीब एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। लोग सार्वजनिक नलों से पानी भरने को मजबूर हैं। सुबह चार बजे से सात बजे तक सार्वजनिक नलों पर लंबी कतारें लग रही हैं। पानी भरने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनके दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दिनों 1076 हेल्पलाइन पर कई शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। शिकायतकर्ताओं में बबलू चौरसिया, बुंदन प्रजापति, रामकरन प्रजापति, रिंकू साहू, वाहिद अहमद, कामिल, शमशाद और अनुज यादव समेत सैकड़ों ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद विभागीय स्तर पर सिर्फ कागजी कार्रवाई होती दिखाई दे रही है।
पंप ऑपरेटर इरशाद ने बताया कि पहले मोटर जल गई थी, जिसे बनवाकर पानी की सप्लाई चालू कराई गई थी। लेकिन एक सप्ताह भी नहीं चल पाई और मोटर दोबारा जल गई। इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई है। विभाग द्वारा मोटर ले जाकर दूसरी मोटर भेजने की बात कही गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार मोटर फुंकने से साफ है कि वर्षों पुरानी व्यवस्था को किसी तरह चलाया जा रहा है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल नई मोटर लगवाकर नियमित जलापूर्ति बहाल कराने तथा नई पानी की टंकी का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनका आक्रोश आंदोलन का रूप ले सकता है।



