
आपकी खबरे न्यूज़,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को चित्रकूट के प्रसिद्ध पालेश्वर नाथ मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। दूर-दराज के गांवों से हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और देश की खुशहाली की कामना की।
भक्तों ने पहाड़ी की सीढ़ियां चढ़कर लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार किया और विधि-विधान से भगवान पालेश्वर नाथ का गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, दूब एवं समी अर्पित कर अभिषेक किया। मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

मंदिर में ओबरी, कुचारम, देवल, भानपुर, सिधौली, नहरा, रामपुर, कलवारा, बरेठी, नोनार, प्रसिद्धपुर, बक्टा, नांदी, तौरा, जरिहा, बाबूपुर, असोहा, इटौरा, पचोखर सहित आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार के सुख-समृद्धि एवं मंगल की प्रार्थना की।
श्रावण के प्रथम सोमवार पर संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय तथा थाना प्रभारी निशिकांत राय ने एक दिन पूर्व ही मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया था। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


