
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति मिट्टी का खनन कर रही एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया, जबकि डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बीती रात खनन विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सीर इब्राहिमपुर गांव के समीप छापेमारी की। टीम ने मौके पर अवैध रूप से मिट्टी का खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को पकड़ा। विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही मिट्टी लादने पहुंचे डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकले।
बताया जा रहा है कि खनन माफिया लंबे समय से अडार गांव के आसपास बिना अनुमति पीली मिट्टी का खनन कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खनन विभाग ने यह कार्रवाई की।
खनन विभाग की टीम ने पकड़ी गई जेसीबी को हुसैनगंज थाने लाकर सीज करा दिया। मामले में संबंधित लोगों के विरुद्ध खनन अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
खनन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में लगातार अभियान चलाने की मांग की है।


