दहेज उत्पीड़न मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वांछित सास-ससुर गिरफ्तार

आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

दहेज उत्पीड़न के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, थाना हुसैनगंज में 22 मई 2026 को थाना मलवां क्षेत्र के ग्राम भग्गा सिंह का पुरवा निवासी राधा देवी की ओर से तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी पुत्री वर्षा देवी का विवाह 29 अप्रैल 2024 को थाना हुसैनगंज क्षेत्र के ग्राम पतरिया निवासी भारत सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज में बाइक, सोने की अंगूठी एवं नकदी की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ लगातार शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया गया तथा 22 मई 2026 को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
इस मामले में थाना हुसैनगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 107/2026, धारा 85, 115(2), 352, 80(2) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत पति सहित सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक हुसैनगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुकदमे में नामजद वांछित अभियुक्त मनोहर सिंह उर्फ राजू सिंह (67 वर्ष) तथा उनकी पत्नी फोटो देवी (65 वर्ष) निवासी ग्राम पतरिया, थाना हुसैनगंज को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि मुकदमे के अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।

error: Content is protected !!