
आपकी खबरे न्यूज़,
फतेहपुर, संवाददाता।
फतेहपुर जनपद के विभिन्न थाना एवं कार्यालयों में तैनात महिला एवं पुरुष आरक्षियों के उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) पद पर चयनित होने पर पुलिस कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी चयनित पुलिसकर्मियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह सफलता चयनित आरक्षियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, लगन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ सभी को पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण भाव से कार्य करते हुए आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
एसपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा और जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने में प्रत्येक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी चयनित उपनिरीक्षकों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चयनित आरक्षियों को बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

