जाम नाले से हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न, किसानों का प्रदर्शन

आपकी खबरे न्यूज़,
चंदौली, संवाददाता।

धानापुर विकासखंड के एवती गांव से होकर गुजरने वाला गंदा नाला लंबे समय से जाम होने के कारण क्षेत्र की हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। जल निकासी पूरी तरह बाधित होने से धान समेत अन्य फसलों पर संकट गहरा गया है। समस्या से परेशान किसानों और ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल नाले की सफाई एवं स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक किलोमीटर लंबा नाला लंबे समय से अवरुद्ध पड़ा है। इसके चलते एवती, करजरा, रामरूपदासपुर सहित आसपास के गांवों का वर्षा जल खेतों और आबादी वाले इलाकों में जमा हो रहा है। सामान्य दिनों में यह पानी नाले के माध्यम से अगरहर बीर बहुरिया नदी में चला जाता था, लेकिन नाला जाम होने से निकासी पूरी तरह ठप हो गई है।
किसानों का कहना है कि लगातार जलभराव के कारण धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। खेतों में लंबे समय तक पानी भरे रहने से फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांवों में जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उनका कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नाले की सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
प्रदर्शन में संतोष सिंह, ओमप्रकाश यादव, विशाल, बृंगबहादुर मौर्य, विजय मौर्य, पप्पू मौर्य, जयप्रकाश सिंह, मनोहर राम, वीरेंद्र राम, मोहन सिंह, दीन सिंह, रविशंकर सिंह, पवन सिंह, जयराम यादव सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

error: Content is protected !!