
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरूई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई राजकरण पुत्र होरीलाल निवासी सलवन थाना खखरेरू ने पीआरवी 9262 पर सूचना देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन पूजा देवी (24 वर्ष), पत्नी रामदीन की ससुराल वालों ने हत्या कर दी है।
जानकारी के अनुसार पूजा देवी का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व बेरूई गांव निवासी रामदीन पुत्र बृजलाल के साथ हुआ था। दंपति की एक वर्ष की बेटी भी है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया कि पूजा देवी के पेट में दर्द होने पर उनके पति और परिजन उन्हें जिला अस्पताल फतेहपुर ले गए थे। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार मृत्यु के बाद पति और अन्य परिजन शव को घर पर छोड़कर मौके से चले गए। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष भी मौके पर पहुंच गया।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पंचायतनामा और पोस्टमॉर्टम की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

