हर बच्चा पहुंचे स्कूल, इसी संदेश के साथ भिटौरा में निकली रैली

आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

शासन के निर्देश पर सोमवार को विकास खंड भिटौरा में ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। बीआरसी परिसर से ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर और नारे लगाते हुए क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की गई।
अधिकारियों ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। अभियान के माध्यम से अभिभावकों को परिषदीय विद्यालयों में मिलने वाली निःशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति सहित अन्य सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी दीप्ति रिछारिया ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन फूल सिंह कछवाह ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के मंडल अध्यक्ष सुरेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गा दत्त मिश्रा, प्लांट मंत्री धीरेंद्र शुक्ला, सभी एआरपी, नोडल संकुल, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।

error: Content is protected !!