
आपकी खबरे न्यूज़,
लखनऊ संवाददाता।
मुख्यमंत्री द्वारा संचालित ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ महाअभियान के तहत थाना विकासनगर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थानाध्यक्ष आलोक सिंह ने किया, जिसमें पुलिसकर्मियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम विकासनगर थाना क्षेत्र के पिंक बूथ मामा लाइन स्थित बीडी स्कूल, शेखूपुर में आयोजित हुआ। इस दौरान मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक मीना बाजपेई ने विद्यालय के प्रबंधक लालजी कटियार, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

उपनिरीक्षक मीना बाजपेई ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी की अमूल्य धरोहर हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सभी उपस्थित लोगों ने ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और विद्यालय परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।

