सीएचसी पहाड़ी में अव्यवस्थाओं पर डीएम का बड़ा एक्शन, कर्मचारियों का वेतन रोका

आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।

चित्रकूट जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के साथ शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहाड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत पंजीकरण कक्ष से की गई, जहां कंप्यूटर ऑपरेटरों से प्रतिदिन होने वाले ओपीडी पंजीकरण की जानकारी ली गई। इसके बाद इमरजेंसी ड्यूटी कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, आयुष्मान वार्ड तथा नियमित और संविदा कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर का गहन परीक्षण किया गया।
वार्डों में मरीजों के लिए बेड की कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि अन्य वार्डों में उपलब्ध रिक्त बेडों का तत्काल उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर बेड उपलब्ध कराए जाएं। बेडशीट पर दाग और खिड़कियों पर धूल मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कोई भी कर्मचारी बिना अनुमति अस्पताल परिसर नहीं छोड़ेगा।
ग्राउंड फ्लोर पर अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने वहां तैनात तीन सफाई कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्साधिकारी की संतोषजनक रिपोर्ट मिलने के बाद ही वेतन बहाल किया जाएगा।
आउटसोर्सिंग कर्मचारी रजिस्टर के निरीक्षण में प्रभारी चिकित्साधिकारी द्वारा उपस्थिति प्रमाणित न किए जाने को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक शाहिद को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों के हस्ताक्षर उपस्थिति पंजिका में क्रमवार दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड में कार्य करने के निर्देश दिए तथा जिन सफाई कर्मियों के पास ड्रेस उपलब्ध नहीं है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर ड्रेस उपलब्ध कराने को कहा। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक शाहिद सहित अन्य चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!