
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के राम चंदन घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हर्षित यादव (12) पुत्र सुरेंद्र यादव निवासी ग्राम औरेलीजनपद कौशांबी गर्मी की छुट्टियां बिताने अपने नाना धनराज पुत्र इंद्रजीत यादव निवासी ग्राम पिलही थाना हुसैनगंज के यहां आया हुआ था। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे वह अपने नाना के साथ गंगा स्नान के लिए राम चंदन घाट गया था।
बताया जाता है कि स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। नाना द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन बच्चे को बेहतर उपचार के लिए शहर के किसी अस्पताल में ले जाना चाहते थे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता सुरेंद्र सऊदी में अपना निजी कार्य करते हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि परिजनों द्वारा बच्चे के शव को शहर के किसी प्राइवेट अस्पताल में दिखाने की बात कही गई थी जिस पर बच्चे के शव के साथ दो पुलिसकर्मियों को भेजा गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


