
आपकी खबरें न्यूज,
मंडी पुंछ जम्मू-कश्मीर ( जसवन्त विश्वकर्मा )।
कारगिल युद्ध के दौरान 17 जून 1999 को आतंकियों के साथ हुई जवाबी मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद मेजर रोहित शर्मा की 27वीं शहादत दिवस एवं पुण्यतिथि पर बुधवार को गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल, मंडी में भव्य श्रद्धांजलि एवं पुष्पचक्र अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद मेजर रोहित शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और बलिदान को नमन किया।

शहीद मेजर रोहित मेमोरियल एनजीओ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

इस अवसर पर एंटी करप्शन एंड क्राइम ब्यूरो ऑफ इंडिया (ट्रस्ट), लखनऊ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.के. विश्वकर्मा द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों को मोमेंटो एवं “वंदे मातरम् सम्मान पत्र” प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को शील्ड देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की कवरेज करने पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों को भी प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

श्रद्धांजलि सभा में डिप्टी एसपी हेडक्वार्टर पुंछ नीरज शर्मा, एडिशनल एसपी पुंछ अजय शर्मा, तहसीलदार मंडी चौधरी अशफाक, बीडीओ मंडी सुनील भाटिया, पीडब्ल्यूडी (आर एंड बी) मंडी के अबरार आज़म मलिक, तहसील सोशल वेलफेयर ऑफिसर मोहम्मद आज़म, डॉ. इम्तियाज सलारिया, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. रियाज जान, प्रिंसिपल अनवर खान, शहीद मेजर रोहित शर्मा एनजीओ के अध्यक्ष अली मोहम्मद मीर, महासचिव अकबर अली बान्डे सहित अनेक अधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश, केरल, गोवा और तेलंगाना सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए अतिथियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर शहीद मेजर रोहित शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “जय हिंद” के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

