
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान युवाओं के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के बिन्दकी बस स्टॉप के पास डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अंबेडकर प्रतिमा से भीमराव अंबेडकर सेवा समिति के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई थी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर पार्क में समाप्त होनी थी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद
बिन्दकी बस स्टॉप के पास शोभायात्रा के दौरान डीजे की धुन पर नाचने को लेकर युवाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने कराया बीच-बचाव
घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवकों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। शोभायात्रा में शामिल संगठन के पदाधिकारियों ने भी समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
वायरल वीडियो में युवक आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें हटाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। शोभायात्रा में शामिल पी.के. गौतम ने बताया कि विवाद मामूली था, जिसे मौके पर ही सुलझा लिया गया और संबंधित युवकों को समझाकर आगे शोभायात्रा में शामिल कर लिया गया।
वहीं कोतवाली प्रभारी ने घटना के संबंध में किसी प्रकार की लिखित शिकायत या आधिकारिक जानकारी से इनकार किया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत शोभायात्रा में दो डीएसपी, कोतवाली प्रभारी सहित कई चौकी प्रभारी और पुलिस बल तैनात किया गया था।


