अवैध हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान नवजात बच्ची की मौत, स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही के आरोप

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हथगाम फतेहपुर संवाददाता।

हथगाम कस्बे में एक नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अवैध रूप से संचालित एक निजी अस्पताल में लापरवाही के कारण जन्म लेते ही नवजात की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बे के पुराने बस स्टॉप से कुछ दूरी पर हुसैनगंज-कड़ा मार्ग के अंदर स्थित मरियम मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से संचालित अस्पताल में प्रसूता महिला की डिलीवरी कराई जा रही थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में प्रशिक्षित स्टाफ और पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं मौजूद नहीं थीं, जिसके चलते प्रसव के दौरान नवजात बच्ची की हालत बिगड़ गई और जन्म के कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि नवजात का शव काफी देर तक अस्पताल में पड़ा रहा और पैसों के लेनदेन को लेकर अस्पताल कर्मियों द्वारा टालमटोल की जाती रही। घटना की जानकारी मिलते ही हथगाम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में लंबे समय से मेडिकल स्टोर और निजी क्लीनिक की आड़ में अवैध रूप से डिलीवरी और उपचार का काम किया जा रहा है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। क्षेत्र में झोलाछाप चिकित्सकों और बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
मामले को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। परिजनों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।

error: Content is protected !!