ईरान मुद्दे पर सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग,अमेरिका-इजराइल के खिलाफ गूंजे नारे

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा हालिया हमलों की खबरों के बीच जनपद में भी प्रतिक्रिया देखने को मिली। शुक्रवार शाम फतेहपुर शहर में सैकड़ों लोगों ने कैण्डल मार्च निकालकर शोक और विरोध दर्ज कराया। ईरान से जुड़ी घटनाओं में शीर्ष नेतृत्व से संबंधित शहादत की खबरों के बाद शहर के हिकमतुल्ला पार्क के बाहर शिया और सुन्नी समुदाय के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए। हाथों में मोमबत्तियां लिए लोगों ने खामोशी के साथ मार्च निकाला और ईरान के सुप्रीम लीडर Ayatollah Ali Khamenei से जुड़ी शहादत की खबरों पर गहरा दुख व्यक्त किया।
मार्च के दौरान माहौल बेहद ग़मगीन रहा। प्रतिभागियों ने शहीद के लिए दुआ की और कई स्थानों पर भावुक दृश्य देखने को मिले। लोगों की आंखें नम नजर आईं और पूरे कार्यक्रम में अनुशासन व शांति बनाए रखी गई। इस दौरान अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। भीड़ में “अमेरिका मुर्दाबाद” और “इजराइल मुर्दाबाद” के नारे गूंजे। इजराइल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की गई।
कार्यक्रम में मौजूद धर्मगुरुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह कैण्डल मार्च शोक, एकजुटता और संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने लोगों से अमन-चैन बनाए रखने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।
युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी के बीच कैण्डल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से भी हालात पर नजर रखी गई। हालांकि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

error: Content is protected !!