होलिका दहन की लकड़ी को लेकर विवाद में 14 वर्षीय किशोर की गला दबाकर हत्या

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज
खागा/फतेहपुर संवाददाता।

खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में होलिका दहन स्थल पर लकड़ी डालने को लेकर हुए मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि खुन्नस खाए हाईस्कूल में पढ़ रहे एक नाबालिग ने रविवार दोपहर अपने 14 वर्षीय जिगरी दोस्त की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को तालाब किनारे कीचड़ में फेंककर फरार हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 14 वर्षीय अंशू उर्फ छोटू पुत्र रामप्रसाद राजपूत शनिवार शाम अपने पड़ोसी हाईस्कूल छात्र दोस्त और उसके मामा के साथ होलिका दहन में लकड़ी डालने गया था। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर अंशू और दोस्त के मामा के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी और अपने-अपने घर चले गए।
मृतक की मां सीता देवी के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अंशू बिना बताए घर से निकल गया। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने अरखाही तालाब के किनारे कीचड़ में उसका शव औंधे मुंह पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि शनिवार को हुए विवाद की रंजिश में उसके दोस्त ने गला दबाकर हत्या कर दी। मां ने आशंका जताई है कि घटना में आरोपित के पिता और अन्य रिश्तेदारों की भी संलिप्तता हो सकती है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर नाबालिग आरोपित के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि गांव में चर्चा है कि पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन संदिग्धों को मलवा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पांचवीं तक पढ़ा था अंशू
ग्रामीणों के मुताबिक, अंशू और हत्यारोपित आपस में गहरे मित्र थे। जहां आरोपित हाईस्कूल में पढ़ता है, वहीं अंशू ने पांचवीं तक पढ़ाई के बाद स्कूल छोड़ दिया था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अक्सर अपने दोस्त के साथ ट्रैक्टर पर देखा जाता था।
इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!