7 मील-डलमऊ मार्ग पर भोर से भीषण जाम, एम्बुलेंस-रोडवेज फंसी

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

सात मील-डलमऊ हुसैनगंज (एनएच 232ए) मार्ग पर गुरुवार भोर लगभग चार बजे से भीषण जाम लग गया। जाम में एम्बुलेंस, रोडवेज बसें, निजी वाहन, राहगीर और स्कूली बच्चे घंटों फंसे रहे। खबर लिखे जाने तक मार्ग पूरी तरह सुचारु नहीं हो सका था। बताया जा रहा है कि असनी गंगा पुल (एनएच 232) पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण फतेहपुर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को 7 मील से हुसैनगंज होते हुए डलमऊ मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है। डायवर्जन के चलते आज भोर पहर से ही वाहनों का दबाव बढ़ गया और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। स्थिति यह रही कि कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसी एम्बुलेंस के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रोडवेज बसों में बैठे यात्रियों और स्कूल जा रहे बच्चों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था मजबूत न होने के कारण हर दिन यातायात प्रभावित हो रहा है।
सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराने में जुट गई। थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के चलते पुलिस को कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात के लिए प्रभावी वैकल्पिक मार्ग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

error: Content is protected !!