
आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।
महाशिवरात्रि पर्व पर धर्मनगरी चित्रकूट में राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की भव्य बारात श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। इस पावन अवसर पर चार प्रहर की महाआरती, रतजगा एवं विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
बारात का शुभारंभ रामघाट से हुआ, जो जयपुरिया तिराहा, पुराना सीतापुर बस स्टैंड, चौगलिया होते हुए पुनः रामघाट पहुंची। शोभायात्रा में जबलपुर से आए बैंड और शहनाई दल के साथ प्रयागराज से आई आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप दास महाराज ने बताया कि हाथी, घोड़े और रथ पर सवार दूल्हा सरकार की झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया।
बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने जानकारी दी कि पिछले एक दशक से चली आ रही परंपरा के अनुसार उनकी टीम ने जयपुरिया तिराहे पर बारात का भव्य स्वागत किया। इस दौरान अंकित पहारिया द्वारा पुष्पवर्षा की गई। भक्तों के बीच 51 किलो पंचमेवा प्रसाद तथा जानकी शरण सिंह द्वारा 51 किलो बूंदी एवं भांग का प्रसाद वितरित किया गया।
स्वागत कार्यक्रम में जानकी शरण गुप्ता, कर्वी माफी प्रधान प्रतिनिधि बद्री सिंह पटेल, अतुल सिंह, वीपी पटेल, कमल सिंह, अशोक सिंह, संजय सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने आरती उतारकर बारात का स्वागत किया और प्रसाद वितरण किया। मंदिर परिसर में खीर, मालपुआ, फल एवं हलवे का वितरण किया गया। महाशिवरात्रि की दूसरी महाआरती में जगदगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज ने अपने उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास के साथ सहभागिता की। प्रथम आरती में बद्री प्रपन्नाचार्य महाराज तथा अयोध्या से पधारे नागेंद्रदास भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर महंत वरुण अवस्थी, कथा व्यास आचार्य नवलेश दीक्षित, महेंद्र शास्त्री, बजेंद्र शास्त्री, उप पुजारी गुलजारी लाल, वेद भूषण तिवारी, पुरुषोत्तम तिवारी, मित्रनाथ तिवारी, उमाशंकर तिवारी, पुनीत तिवारी, शुभम, रोहित, विमल, नवल, त्रियुगी नारायण सहित हजारों भक्तजन उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के इस दिव्य आयोजन ने पूरे चित्रकूट को भक्ति, आस्था और उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।


