
आपकी खबरे न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता(रामनरायण साहू)।
जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर युवाओं का आक्रोश अब सड़कों पर दिखने लगा है। रविवार को शहर के एलआईसी तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर युवाओं ने कफन ओढ़कर एक अनूठा और मार्मिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान युवाओं ने बेमियादी आमरण अनशन शुरू करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सुबह करीब 10 बजे कुंवर भूपेंद्र सिंह पटेल के नेतृत्व में युवाओं का एक समूह शहीद स्मारक पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान एक युवक कफन ओढ़कर लेटा रहा, जो जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रतीक बन गया। युवाओं ने कहा कि जनपद में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, जिससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता है और कई बार समय पर उपचार न मिलने से जान तक चली जाती है।
कुंवर भूपेंद्र सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि जिले के सरकारी अस्पतालों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। इलाज से ज्यादा मरीजों की मौत हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में केवल औपचारिकता निभाई जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने अपने खून से मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग उठाई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की भी मांग की और चेतावनी दी कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में शिव शंकर सिंह पटेल, पुष्पेंद्र सिंह, नरेंद्र राव, आलोक सिंह, वेद, अभिषेक एवं विक्रम सिंह सहित कई युवा मौजूद रहे।


