
आपकी खबरे न्यूज,
लखनऊ संवाददाता।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य सड़क निधि के अंतर्गत लखनऊ मंडल के विभिन्न जनपदों की चार सड़कों के विशेष मरम्मत कार्यों के लिए शासन द्वारा प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को कुल दो करोड़ चौहत्तर लाख दस हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
शासनादेश के अनुसार, इन कार्यों की कुल अनुमानित लागत सात करोड़ तिरासी लाख पंद्रह हजार रुपये निर्धारित की गई है, जबकि वर्तमान चरण में स्वीकृत धनराशि राज्य सड़क निधि के अंतर्गत जारी की गई है। यह राशि अनुदान संख्या-58, लेखाशीर्षक 3054 के तहत खर्च की जाएगी।
स्वीकृति में लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जनपदों की सड़कों को शामिल किया गया है। इनमें क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट निर्माण, सड़क की विशेष मरम्मत, नाली निर्माण तथा संपर्क मार्ग सुधार जैसे कार्य कराए जाएंगे। शासन द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही कराया जाएगा। बिना तकनीकी स्वीकृति के कार्य प्रारंभ नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि आवंटित धनराशि का उपयोग केवल स्वीकृत कार्यों में ही किया जाएगा।
शासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि परियोजनाओं में लागत वृद्धि या कार्य में विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य होगा। स्वीकृत कार्यों पर होने वाला व्यय चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही समायोजित किया जाएगा तथा कार्य पूर्ण होने के बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इन मरम्मत कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा।



